India-Pakistan Ceasefire: 22 जुलाई 2025 को व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट (Karoline Leavitt) ने एक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष को समाप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने दावा किया कि ट्रम्प ने भारत-पाक सीजफायर सहित कई वैश्विक मुद्दों पर काम किया, जैसे रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने और इजरायल-गाजा सीजफायर पर बातचीत। लेविट ने कहा, “राष्ट्रपति ने भारत-पाकिस्तान जैसे युद्धों को समाप्त किया है।”
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारत-पाकिस्तान सीजफायर को अपनी मध्यस्थता का परिणाम बताने का दावा कई बार किया। सोशल मीडिया और समाचार स्रोतों के अनुसार, 10 मई 2025 से 15 जुलाई 2025 तक, ट्रम्प ने कम से कम 23 बार यह दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कांग्रेस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भारत-पाकिस्तान सीजफायर को अपनी मध्यस्थता बताने के दावे पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल एक्स से एक वीडियो शेयर कर सवाल उठाये गए हैं। कांग्रेस ने लिखा है कि ट्रंप ने 25वीं बार अपनी बात दोहराई है। मैंने भारत और पाकिस्तान का युद्ध रुकवाया। इस युद्ध में पांच हवाई जहाज गिरे थे। मैंने उन्हें फोन किया और कहा- अगर आप युद्ध करेंगे तो हम आपसे व्यापार नहीं करेंगे.. और इस तरह मैंने युद्ध रोक दिया। सवाल अब भी वही है- नरेंद्र मोदी ने व्यापार के लिए देश के सम्मान का समझौता क्यों किया?
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने 22 जुलाई 2025 को कहा कि ट्रम्प ने कम से कम 21 बार यह दावा किया कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच युद्धविराम करवाया और इसे व्यापारिक दबाव से जोड़ा। रमेश ने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं और इस तरह के दावों का खंडन क्यों नहीं करते। उन्होंने मांग की कि सरकार को संसद में और देश के सामने इस मुद्दे पर स्पष्टीकरण देना चाहिए।