बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित होने वाली वर्ष 2023 की इंटरमीडिएट कम्पार्टमेन्टल सह विशेष सैद्धांतिक परीक्षाओं का आयोजन बुधवार 26 अप्रैल से लेकर 08 मई तक छपरा शहर के पांच परीक्षा केंद्रों पर होगा। परीक्षाओं का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली की परीक्षा का आयोजन सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.45 तक तो दूसरी पाली की परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 05.15 बजे तक होगा।
इंटरमीडिएट कम्पार्टमेन्टल सह विशेष सैद्धांतिक परीक्षाओं के आयोजन को लेकर शहर में पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सारण एकेडमी छपरा, राजपूत उच्च विद्यालय छपरा, लोकमान्य उच्च विद्यालय छपरा, राजेन्द्र कॉलेजिएट छपरा, राजकीय कन्या उच्च विद्यालय छपरा शामिल हैं। कदाचार मुक्त परिक्षाओं के आयोजन के लिए परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती रहेगी। परीक्षाओं के सफल आयोजन के लिए छपरा सदर अनुमंडल में एक कंन्ट्रोल रूम बनाया गया है, जो परीक्षाओं की समाप्ति तक सक्रिय रहेगा।




















