हरियाणा में किसान संगठनों की कुछ मांग को लेकर संगठन और सरकार के बीच बातचीत हुई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। अब किसान संगठनों ने दिल्ली में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है, जिसे देखते हुए हरियाणा सरकार ने तीन दिन के लिए कई जिलों की इंटरनेट सेवा को बंद करने आदेश दिया है।
एमएसपी की गांरटी के संबंध में कानून बनाने समेत कई मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर मोर्चा ने 13 फरवरी को दिल्ली चलो मार्च का ऐलान किया है। वहीँ इससे पहले चंडीगढ़ में किसान संगठनों और सरकार के बीच 12 फरवरी को फिर बातचीत होने वाली है। इसको लेकर हरियाणा सरकार ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पैरा मिलिट्री की 50 कंपनियों को तैनात कर दिया। दिल्ली में किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए हरियाणा के कई जिलों में 11 फरवरी से इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी। वॉयस कॉल को छोड़कर मोबाइल इंटरनेट, एसएमएस और डोंगल सेवाएं निलंबित रहेंगी।
हरियाणा के जिन सात जिलों में इंटरनेट सेवाएं बाधित रहेंगी, उनमें अंबाला, जींद, हिसार, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, कैथल, सिरसा शामिल हैं। इन जिलों में रविवार की सुबह 6 बजे से लेकर मंगलवार की रात 11.59 बजे इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी। साथ ही प्रशासन ने दिल्ली जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी है। आपको बता दें कि दिल्ली में 13 फरवरी को होने वाले किसानों के प्रदर्शन में 200 से अधिक किसान संगठन भाग ले सकते हैं। राज्य में शांति बनी रहे, इसके लिए खट्टर सरकार ने यह तैयारी की है।
,




















