बिहार में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। एक तरफ जहां सियार के आंतक से लोग परेशान हैं। तो वहीं, अब मुंगेर में गिदड़ के आतंक से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मुंगेर में गीदड़ ने गुरुवार की शाम कइ ग्रामीणों पर हमला किया। जिससे कई ग्रामीण घायल हो गए। इनमें से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें इलाज के लिए हवेली खड़गपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
घटना हवेली खड़गपुर प्रखंड क्षेत्र के दरियापुर मंदिर टोला की बताई जा रही है। यहां जंगली गीदड़ ने आतंक मचा रखा है। गीदड़ के हमले में घायल लोगों में वृद्ध महिला दुर्गा देवी, सुनीता देवी, वृद्ध जोलहा मुर्मू, युवक शेखर कुमार और अजय हादसा का नाम शामिल है। हमले के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है।
बच्चे स्कूल जाने और घर से निकलने तक डर रहे है। गीदड़ से बचाव के लिए ग्रामीण रात भर गांव की रखवाली कर रहे है। कई ग्रामीणों ने गीदड़ को आसपास के क्षेत्र में खोजा भी लेकिन सभी जंगल की तरफ भाग गए। घटना के बाद लोगों ने वन विभाग से गीदड़ को पकड़ने की मांग की है। बता दें कि बिहार के छपरा में भी सियार ने आतंक मचा दिया है। यहां दाउदपुर के कोरा गांव में एक बच्ची को सियार उठा ले गया। आज काफी तलाश के बाद बच्ची का क्षत विक्षत शव बरामद किया गया।