राष्ट्रीय जनता दल के बिहार प्रदेश अध्यक्ष का पद जगदानंद सिंह के पास ही रहेगा। हालांकि पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया घोषित की थी। लेकिन नामांकन में सिर्फ जगदानंद सिंह ने ही नामांकन किया है। सोमवार को जगदानन्द सिंह द्वारा राज्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. तनवीर हसन के साथ ही राष्ट्रीय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी उदय नारायण चैधरी, सहायक राष्ट्रीय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी चितरंजन गगन, सहायक राज्य निर्वाचन पदाधिकारी ई. अशोक यादव, देवकिशुन ठाकुर, सारिका पासवान के समक्ष किया गया।
तेजस्वी भी रहे मौजूद
जगदानंद के नामांकन के अवसर पर राजद के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनमें उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव श्री अब्दुलबारी सिद्दिकी, राष्ट्रीय महासचिव जयप्रकाश नारायण यादव, श्याम रजक, पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. कांति सिंह, बिहार सरकार के मंत्री प्रो. चन्द्रशेखर यादव, डॉ. शमीम अहमद, सुधाकर सिंह, पूर्व मंत्री वृषिण पटेल, विजय कृष्ण आदि मौजूद रहे।
चार सेट में नामांकन
प्रदेश अध्यक्ष के लिए जगदानंद सिंह ने चार सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया है। प्रत्येक सेट में राज्य परिषद के दस-दस सदस्यों के हस्ताक्षर हैं। प्रस्तावकों में तेजस्वी प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेज प्रताप यादव, रामचन्द्र पूर्वे, अब्दुलबारी सिद्दिकी समेत कई नेता शामिल हैं।
अदावत के बाद भी तेजप्रताप प्रस्तावक
पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए जगदानंद सिंह और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव में कभी नहीं बनी। सार्वजनिक तौर पर कई बार तेज प्रताप यादव ने जगदानंद सिंह के खिलाफ मोर्चा खोला है। लेकिन लालू परिवार ने हमेशा ही जगदानंद सिंह का साथ दिया है।