[Team insider] झारखंड मुक्ति मोर्चा के कद्दावर नेता और झारखंड सरकार के पूर्व भू-राजस्व मंत्री दुलाल पर एक महिला ने जबरन दुकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। सीतारामडेरा थाना अंतर्गत चंडी नगर की रहने वाली पूजा कुमारी ने पूर्व मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बुधवार को जिला मुख्यालय पहुंची पूजा ने बताया कि साल 2014 से चंडी नगर में उनकी मां ने एक दुकान खरीदा था। जहां वह चाय नाश्ते का दुकान लगा कर अपना गुजारा करती थी।
तमाम फरियाद के बाद भी नहीं मिला इंसाफ
वहीं महिला ने बताया कि पूर्व मंत्री ने अपने प्रभाव का प्रयोग करते हुए मोहम्मद वसीम नाम के एक व्यक्ति को उक्त दुकान बेच दिया और उसे बेदखल कर दिया। इसको लेकर जिले के तमाम प्रशासनिक पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक फरियाद लगा चुकी है। मगर उसे इंसाफ नहीं मिला है। महिला ने बताया कि पूर्व मंत्री खुद को गरीबों का मसीहा बताते हैं, लेकिन उसके साथ अत्याचार कर रहे हैं। उसने इंसाफ की गुहार लगाई है।
आय का दोषी मानकर पांच साल की सजा भी सुनाई थी
दुलाल जुगसलाई विधानसभा से तीन बार (1995, 2000 व 2005) में विधायक रह चुके थे। 2005 से 2009 तक झारखंड सरकार में भू राजस्व मंत्री भी रहे, लेकिन इसी अवधि में इन पर आय से अधिक संपत्ति मामले में सीबीआइ ने कार्रवाई भी की थी। दुलाल को झारखंड हाईकोर्ट ने 86 लाख रुपये अतिरिक्त आय का दोषी मानकर पांच साल की सजा भी सुनाई थी।