[Team Insider] जमशेदपुर में अपराधियों का खौफ खत्म हो गया है यही वजह है कि एक बार फिर बेलगाम अपराधियों ने रविवार देर रात वारदात को अंजाम दिया है। जहां साकची थाना क्षेत्र के बाराद्वारी निवासी महिला से बाइक सवार दो अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है।
मंगलसूत्र की छिनतई
इस दौरान अपराधियों ने सुनील अग्रवाल नाम के व्यक्ति की बहन का मंगलसूत्र झपट्टा मारकर उड़ा लिया।जानकारी के अनुसाए सुनील अग्रवाल के घर पारिवारिक समारोह था। जो होटल गंगा रेजीडेंसी में आयोजित था।वहां से बाराद्वारी डॉ अंजू बाजोरिया के घर के समीप स्थित अपने भाई के घर लौटने के क्रम में अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल सुनील अग्रवाल ने साकची थाने में लिखित शिकायत दर्ज करा दी है।फिलहाल साकची थाना पुलिस तफ्तीश में जुट गई है।
अपराधियों ने की फायरिंग
वहीं गोलमुरी थाना क्षेत्र के नेहरू कॉलोनी निवासी राहुल छाबड़ा के घर पर अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। अपराधियों ने राहुल की मां पर गोली चलाई। गोली दरवाजे पर जा लगी। अपराधी ने जैसे ही दूसरी गोली चलानी चाही वैसे ही पिस्टल लॉक हो गया। जिसके बाद अपराधी गाली- गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए।इस मामले को लेकर गोलमुरी पुलिस भी मौके पर पहुंची और तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है।

पहले भी चली है गोली
जानकारी के अनुसार राहुल पर पूर्व में भी साकची में दशरथ और विकास कुमार सिंह ने फायरिंग की थी। घटना के संबंध में राहुल ने बताया शनिवार शाम साकची में ही राहुल के साथ किसी बड़े व्यवसाई का विवाद हुआ था। इस विवाद के बाद राहुल ने उससे माफी भी मांगी थी। मामला सुलझ गया था। उस व्यवसाई के पास विकास काम करता है।
धमकी दी फिर चली गोली
फिर विकास ने उसे फोन किया और कहा कि वह उसे देख लेगा और एक घंटे में ही वह कार्रवाई करेगा। थोड़ी देर बाद ही उसके घर के बाहर हेलमेट पहन कर पहुंचे अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस नाकाम
वही मामले की जानकारी मिलते ही सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष विजय आनंद मूनका भी घटनास्थल पर पहुंचे और जमशेदपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि लगातार शहर में हो रहे आपराधिक घटनाओं पर नकेल कसने में जिला पुलिस नाकाम साबित हो रही है।
अपराधियों का बढ़ा मनोबल
बीते सोमवार को अपराधियों ने छगनलाल दयालजी ज्वैलर्स के कर्मी से 32 लाख रुपए लूट की घटना को अंजाम दिया था। वही शुक्रवार को साकची बाजार में हॉल मार्किंग कराने के बाद ज्वेलरी के कर्मचारी से फर्जीवाड़ा कर 10 लाख रुपए के गहने लूट लिए गए। एक बार फिर एक महिला से लगभग ढाई लाख कीमत की मंगलसूत्र की लूट की गयी।