बिहार में स्कूलों में मिड डे मील की क्वालिटी का अंदाजा इस बात से लगाइए कि खाने में कीड़े-मकोड़े का होना तो यहां सामान्य सी बात है। यहां तो खाने में छिपकली, चूहे और सांप तक निकलते रहे हैं। मिड डे मील को लेकर बिहार के किसी ना किसी स्कूल से हर दिन ऐसी खबरें आती रहती है, जिसको सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे। अब जमुई के स्कूल में मिड डे मील में गुटखा का रैपर निकला है। इसके बाद स्कूल के बच्चों ने जमकर हंगामा मचाया। मामला झाझा प्रखंड के कलयुगहा मध्य विद्यालय का है।
119 बच्चों के लिए आया था खाना
जमुई के झाझा प्रखंड स्थित कलयुगहा मध्य विद्यालय में बच्चों के लिए खाना स्कूल में लाया गया था। पहले शिक्षकों ने मध्याह्न भोजन का जायजा लिया फिर बच्चों को मिड डे मील देने की तैयारी की गई। जब बच्चों को मिड डे मील दिया गया तो खाना में तंबाकू का रैपर निकला। शिक्षक ने तत्काल इसकी जानकारी स्कूल के हेडमास्टर गोपाल कुमार महतो को दी। उन्होंने बच्चों को भोजन देने से मना किया और इसकी जानकारी मिड डे मिल के सप्लायर को दी। हेडमास्टर ने बताया कि 119 बच्चों का खाना आया था। खाने की जांच की गई तो उसमें तंबाकू का रैपर पाया गया। उन्होंने बताया कि जब से बाहर का खाना आने लगा है समस्या बराबर आने लगी है। डेढ़ महीने पूर्व भी चावल में कीड़ा मिला था।




















