Jamui Robbery News: जमुई जिले में अपराध का ग्राफ एक बार फिर डराने वाली तस्वीर पेश कर रहा है। सिकंदरा थाना क्षेत्र के महादेव सिमरिया बाजार में हुई बड़ी डकैती ने न सिर्फ स्थानीय व्यापारियों की नींद उड़ा दी है, बल्कि जिले की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने जिस तरह एक सर्राफा व्यवसायी के घर और दुकान को निशाना बनाया, उससे यह स्पष्ट है कि अपराधियों की तैयारी पूरी तरह पेशेवर और सुनियोजित थी।
अलीगंज निवासी मुकेश कुमार साव, जिनके पिता का नाम लोहा साव है, पिछले करीब तीन दशकों से महादेव सिमरिया बाजार के पाठकचक रोड पर निवास करते हुए ‘शकुंतला ज्वेलर्स’ नाम से सर्राफा व्यवसाय चला रहे हैं। रात करीब 12 बजे जब पूरा परिवार गहरी नींद में था, तभी लगभग एक दर्जन नकाबपोश अपराधी लोहे की रॉड से दुकान का शटर उठाकर भीतर घुस आए। इसके बाद अपराधी सीधे दुकान से जुड़े घर में दाखिल हो गए और सो रहे परिवार को हथियार के बल पर बंधक बना लिया।

पीड़ित के अनुसार अपराधियों ने करीब दो घंटे तक घर और दुकान में आतंक का माहौल बनाए रखा। कनपटी पर हथियार सटाकर जान से मारने की धमकी दी गई और बच्ची को उठा ले जाने की चेतावनी देकर पूरे परिवार को मानसिक रूप से तोड़ने की कोशिश की गई। इसी दहशत के बीच अपराधियों ने इत्मीनान से अलमारियां, तिजोरियां और काउंटर खंगाले और भारी मात्रा में नकदी व आभूषण समेट लिए।
लूट की कुल राशि और आभूषणों की कीमत करीब 50 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। अपराधी करीब 6 लाख 40 हजार रुपये नकद, लगभग 400 ग्राम सोना और करीब 50 किलो चांदी लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात रात 12 बजे से 2 बजे के बीच अंजाम दी गई, जिससे यह साफ झलकता है कि अपराधियों ने पुलिस गश्त और इलाके की गतिविधियों पर पहले से नजर रखी हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पीड़ित परिवार का दावा है कि एक-दो अपराधियों की पहचान हो चुकी है, जिससे जांच को अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है। इस बड़ी डकैती के बाद महादेव सिमरिया बाजार सहित पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। व्यवसायियों का कहना है कि यदि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।
















