जेडीयू के वरिष्ठ चेहरे रहे केसी त्यागी (KC Tyagi JDU Exit) और पार्टी नेतृत्व के बीच पिछले कई हफ्तों से चल रही खामोश तनातनी अब एक तरह के औपचारिक अलगाव में बदल गई है। अंदरूनी सूत्र बताते हैं कि पार्टी में त्यागी की भूमिका और प्रभाव पहले ही काफी कम हो चुका था, लेकिन हालिया बयानों और सार्वजनिक गतिविधियों ने इस दूरी को निर्णायक रूप से बढ़ा दिया। पार्टी के भीतर यह आकलन लगातार चल रहा था कि त्यागी न केवल पार्टी लाइन से अलग बयान दे रहे हैं, बल्कि उन मुद्दों पर भी सार्वजनिक राय रख रहे हैं जिन पर जेडीयू की स्पष्ट स्थिति नहीं थी या पार्टी नेतृत्व असहज था।
नवीनतम घटनाक्रम में जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने साफ कहा कि केसी त्यागी के बयानों से जनता दल यूनाइटेड का कोई सरोकार नहीं है। नीरज कुमार ने नीतीश कुमार को ‘ग्लोबल थिंकर’ बताते हुए यह भी जोड़ा कि त्यागी जो कहते हैं, वह उनकी निजी व्याख्या है और इसका पार्टी से कोई औपचारिक संबद्ध नहीं है। इस टिप्पणी ने राजनीतिक गलियारों में यह संकेत साफ कर दिया कि जेडीयू अब सार्वजनिक रूप से त्यागी से दूरी बनाने की रणनीति अपना चुका है।
गिरिराज सिंह बोले- ममता बनर्जी ने की संविधान की डकैती.. ओवैसी पर भी भड़के
इसके बाद प्रवक्ता राजीव रंजन का बयान हालात को और स्पष्ट कर गया। उन्होंने कहा कि त्यागी का पार्टी के मामलों से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है और यह तक कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को यह भी नहीं पता कि त्यागी अब जेडीयू में हैं भी या नहीं। यह टिप्पणी संकेत देती है कि पार्टी संगठनात्मक ढांचे में त्यागी की जगह अब लगभग समाप्त मानी जा रही है।
पिछले दिनों बांग्लादेशी क्रिकेटर को आईपीएल से हटाने के निर्णय पर त्यागी ने खेल को राजनीति से अलग रखने की अपील की थी। इसे पार्टी लाइन से अलग बयान माना गया। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग की। राजनीतिक विशेषज्ञ इसे डैमेज कंट्रोल की कोशिश बताते हैं, ताकि पार्टी से उनका पुराना जुड़ाव सम्मानजनक तरीके से दर्ज रहे।
सूत्रों का कहना है कि जेडीयू नेतृत्व और केसी त्यागी के बीच संबंधों का शांतिपूर्ण अंत हो चुका है। पार्टी त्यागी के पुराने योगदान को देखते हुए कोई सख्त अनुशासनात्मक कदम नहीं उठाना चाहती और वरिष्टता का सम्मान बनाए रखने की रणनीति अपना रही है। परन्तु व्यावहारिक रूप से अब न तो त्यागी पार्टी नीतियों का प्रतिनिधित्व करेंगे और न ही आधिकारिक लाइन पर कोई दखल रखते हैं।






















