बिहार के मुजफ्फरपुर में जदयू विधायक के कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। पहले जदयू विधायक अशोक चौधरी के साथ धक्का मुक्की हुई फिर विधायक के साथ धक्का मुक्की करने वाले युवक की अंगरक्षक और ग्रामीणों ने पिटाई कर दी। पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में लोग धक्का-मुक्की करने वाले युवक को पीटते नजर आ रहे हैं। पिटाई के बाद युवक लहूलुहान हो जाता है।
मामला सकरा विधानसभा क्षेत्र के बाजितपुर अशोक गांव का है। यहां विधायक अशोक चौधरी पर कुंदन राम ने हमला कर दिया। दरअसल, जदयू विधायक अशोक चौधरी एक मंदिर निर्माण में चंदा देने बाजितपुर अशोक गांव पहुंचे थे और उसके बाद ग्रामीणों ने सम्मान समारोह का आयोजन किया था। विधायक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान वहां एक युवक पहुंचा और जमकर बवाल काटने लगा। युवक ने पहले विरोध शुरू किया फिर मंच पर पहुंचकर विधायक के साथ मारपीट का प्रयास किया और बदसलूकी की।
उपेंद्र कुशवाहा का बड़ा दावा- 2025 में तेजस्वी यादव किसी भी परिस्थिति में मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे
बरियारपुर थाना पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। हथियार के बल पर लूट को अंजाम देने के मामले में वह जेल जा चुका है। हाल ही में वह जेल से जमानत पर छूटा था। ग्रामीण एसपी विद्या सागर ने बताया कि विधायक के साथ बदसलूकी करने वाले युवक कुंदन राम को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह नशे में था। नशे में हमला करने वाले युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा।