भागलपुर: शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा में गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के चर्चित विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ गोपाल मंडल की अनुपस्थिति ने राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज कर दीं। इसी बीच, सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें गोपाल मंडल पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव से मुलाकात करते हुए नजर आ रहे थे। इस तस्वीर के सामने आते ही तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं कि क्या गोपाल मंडल पाला बदलने वाले हैं।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर थी कि गोपाल मंडल आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर उम्मीदवार बन सकते हैं, इसीलिए उन्होंने मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा छोड़कर दिल्ली में पप्पू यादव से मुलाकात की। दूसरी ओर, पप्पू यादव से जुड़ी अटकलें भी तेज हो गईं, खासकर यह सवाल उठने लगा कि क्या वह जदयू में शामिल होने वाले हैं।
लालू यादव का परिवार सिर्फ़ बिहार को लूट सकता है… सम्राट चौधरी का तेजस्वी पर हमला
हालांकि, इन सभी चर्चाओं पर गोपाल मंडल ने खुद ही विराम लगा दिया। विधायक ने बताया कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आदेश पर दिल्ली आए थे, जहां विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। वह बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र में जदयू के प्रत्याशी के लिए प्रचार करने पहुंचे थे। इस दौरान उनकी मुलाकात पप्पू यादव से हुई।
गोपाल मंडल ने कहा, “पप्पू यादव मेरे छोटे भाई के समान हैं। मैंने उन्हें जदयू में आने का निमंत्रण दिया है, क्योंकि यहां उन्हें सम्मान मिलेगा, जो राजद में उन्हें कभी नहीं मिला। पप्पू यादव ने मेरे आमंत्रण पर कहा, ‘देखते हैं भायजी।’ मैं उम्मीद करता हूं कि वह भविष्य में जदयू में शामिल होंगे।”




















