आज बिहार में आरजेडी विधायकों की तेजस्वी आवास पर एक बैठक बुलाई गई। इसके बाद विधायकों को रोकते हुए तेजस्वी ने एक तरह से उन्हें अपने आवास पर ही नज़रबंद कर लिया। अब इस बात पर जेडीयू ने आरजेडी पर तंज कसा है। जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार सिंह ने कहा कि आरजेडी के इस कदम से यह साफ होता है कि फ्लोर टेस्ट में जेडीयू और बीजेपी की जीत होगी। उन्होंने कहा जो डर गया… सो मर गया।
जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार सिंह ने कहा, “आरजेडी द्वारा यह फैसला लिया गया कि उनके सारे विधायक और पार्षद पांच देश रत्न मार्ग स्थित आवास में राजनीतिक रूप से नजर बंद रहेंगे। कहावत है कि जो डर गया सो मर गया…। इसका मतलब साफ है कि महागठबंधन का घटक दल प्रथम दृष्टया में हार गया और फ्लोर टेस्ट में एनडीए की जीत होगी।
दरअसल बिहार में नई सरकार बनने के बाद से विपक्षी पार्टी के तेजस्वी यादव का एक बयान आया था खेला अभी बाकी है। इस पर जेडीयू नेताओं ने कहा था कि जो होना था सो हो गया अब कुछ नहीं होने वाला।
इधर सीपीआई(एम) ने भी जीतनराम मांझी को लेकर दावा किया कि वह उनके साथ आने वाले हैं। इस बात का बाद में जीतनराम मांझी की पार्टी द्वारा आधिकारिक रूप से खंडन किया गया और विपक्ष पर भ्रामक ख़बरें फैलाने का आरोप लगाया गया।




















