बिहार के जहानाबाद (Jehanabad Incident) में सामने आई हालिया घटना को लेकर राज्य की सियासत गरमा गई है, लेकिन सरकार ने साफ संकेत दे दिए हैं कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कड़े शब्दों में कहा कि जो भी इस घटना में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि बिहार में कानून का राज स्थापित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या गैर-जिम्मेदारी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार पूरी तरह सजग है और प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विजय कुमार सिन्हा का बयान केवल प्रशासनिक सख्ती तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने राजनीतिक संदेश भी दिया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी में लोकतांत्रिक परंपराओं का पूरी तरह पालन होता है। केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की संस्कृति ऐसी है जहां कोई भी कार्यकर्ता मेहनत और समर्पण के बल पर किसी भी पद तक पहुंच सकता है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब संगठनात्मक चुनावों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी जहानाबाद की घटना पर सरकार के रुख को दोहराते हुए कहा कि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है और पूरे मामले की नियमित समीक्षा हो रही है। उन्होंने बताया कि एक उच्च स्तरीय टीम गठित की गई है, जो हर पहलू की जांच कर रही है। सम्राट चौधरी ने यह स्पष्ट किया कि अपराधियों के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है और कानून से भागने का कोई रास्ता नहीं छोड़ा जाएगा।
वहीं बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने SIT के गठन की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार किसी भी हालत में अराजक तत्वों को बर्दाश्त नहीं करेगी। उनका कहना था कि यह केवल एक प्रशासनिक कदम नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का हिस्सा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को जल्द बेनकाब कर सख्त सजा दिलाई जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच RJD नेता तेजस्वी यादव के ट्वीट पर भी सियासी बयानबाजी तेज हो गई। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि जिन्होंने बिहार और ‘बिहारी’ शब्द को कलंकित करने का काम किया है, उनसे जवाब देने का कोई औचित्य नहीं है। सरकार का फोकस बयानबाजी नहीं, बल्कि कार्रवाई पर है और यही संदेश जनता तक पहुंचाया जा रहा है।






















