[Team insider] कांग्रेस को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा झटका लग सकता है। मालूम हो कि पिछले एक सप्ताह से ही राजनीतिक गलियारों में झारखंड कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह को लेकर यह चर्चा चल रही थी कि जल्द ही वह भाजपा का दामन थाम सकते हैं। उम्मीद है कि मंगलवार शाम वह भाजपा का दामन थाम लेंगे।
वहीं उन्होंने एक ट्वीट की है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस्तीफा सौंपते हुए आरपीएन सिंह ने लिखा कि ‘आज, जब पूरा राष्ट्र गणतन्त्र दिवस का उत्सव मना रहा है, मैं अपने राजनैतिक जीवन में नया अध्याय आरंभ कर रहा हूं। जय हिंद।’ उन्होंने देश, जनता, पार्टी की सेवा का मौका देने के लिए धन्यवाद कहते हुए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
![](https://www.insiderlive.in/wp-content/uploads/2022/01/WhatsApp-Image-2022-01-25-at-12.39.30-1.jpeg)
चुनाव में महागठबंधन को मिली थी बड़ी सफलता
बता दें कि मनमोहन सिंह सरकार में आरपीएन सिंह केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में झारखंड के कांग्रेस प्रभारी हैं। आरपीएन के नेतृत्व में ही पिछले विधानसभा चुनाव में झामुमो, कांग्रेस और राजद का महागठबंधन हुआ था। चुनाव में महागठबंधन को बड़ी सफलता मिली थी। झारखंड अलग राज्य बनने के बाद कांग्रेस को सबसे बड़ी सफलता भी झारखंड में वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में मिली थी और 16 सीटों पर पार्टी के विधायक जीत कर आये थे।