झारखंड के गिरिडीह में 3 लाख 53 हजार 293 उपभोक्ताओं का बकाया बिजली बिल माफ कर दिया गया है, दरअसल मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना के तहत इन सभी ग्राहकों का बिजली बिल माफ किया गया है। गुरुवार को टाउन हॉल में सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने उपभोक्ताओं को बिजली बिल माफी प्रमाण-पत्र दिया और इस योजना के तहत कम बिजली इस्तेमाल करने वालों का बिल माफ किया गया है। इस दौरान करीब 3 अरब से ज्यादा का बिजली बिल माफ किया जा चुका है।
बिजली उपभोक्ताओं के बिल माफी को लेकर जीएम प्रतोष कुमार ने कहा कि ‘5 अक्टूबर तक शिविर लगाकर उपभोक्ताओं का बकाया बिजली बिल जो माफ हुआ है, उन्हें प्रमाण-पत्र दिया गया है, जो लोग बचे हैं उन्हें भी जल्द ही प्रमाण पत्र दिया जाएगा।’ कार्यपालक अभियंता मृणाल गौतम ने कहा कि ‘योजना के तहत वैसे घरेलू उपभोक्ताओं जो 200 यूनिट या उससे कम का प्रतिमाह बिजली खपत करते हैं, उनका बिजली बिल माह अगस्त तक माफ किया गया है।’
बता दें कि गिरिडीह में अब तक 375 करोड़ 43 लाख 31 हजार 683 रुपए का बकाया बिजली बिल को शून्य किया गया है, इसे लेकर जेई अमित कुमार का कहना है कि ‘शहर के 6600 उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ मिला है, इसके अलावा ऐसे लोगों का बिल माफ किया गया है जो इस योजना के तहत लाभार्थी होने की योग्यता रखते हों।’ सर्टिफिकेट वितरण में मौके पर एसडीओ मधुसूदन मांजी, सुरजीत उपाध्याय और जीतू मौजूद रहे़।
इससे पहले दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने भी दिल्लीवासियों को फ्री बिजली की सुविधा दे रखी है। जो लोग हर महीने सिर्फ 200 यूनिट बिजली का इस्तेमाल करते हैं, उनका बिजली बिल माफ कर दिया जाता है, इससे ज्यादा बिजली का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को पूरा बिजली का बिल देना पड़ता है। इसी तर्ज पर झारखंड सरकार की तरफ से योजना शुरू की गई है। कुल मिलाकर अगर गिरिडीह के लोग हर महीने 200 यूनिट से कम बिजली का इस्तेमाल करेंगे तो हो सकता है उनका बिल माफ कर दिया जाए।




















