[Team insider] झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय की मुश्किलें बढ़ सकती है। दरअसल उनके खिलाफ रांची के कोतवाली थाना में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन मामले पर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। रांची के अमित भगत ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पिछले दिनों अविनाश पांडे रांची पहुंचे थे तब उनकी अध्यक्षता में कांग्रेस को-आर्डिनेशन कमेटी की बैठक हुई थी। इस दौरान कहा गया था कि पंचायत चुनाव जीतने पर जन प्रतिनिधियों को संगठन में जगह दी जाएगी ताकि, उनके अनुभव का लाभ संगठन की मजबूती में मिल सके। यह प्रथम दृष्टया आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।
भाजपा ने इस बयान पर आपत्ति जताया था
वहीं भाजपा ने इस बयान पर आपत्ति जताते हुए राज्य निर्वाचन आयोग से शिकायत की थी, इसे आयोग ने भी प्रथम दृष्टया आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना था। आयोग ने रांची के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी को विधि सम्मत कार्रवाई करने का आदेश दिया था। इस आदेश के बाद आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में पांडेय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
विपक्ष के खिलाफ भाजपा का एकसूत्री कार्यक्रम चल रहा है
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा कि अभी पूरे देश में जहां गैरभाजपाई सरकारें हैं वहां के विपक्ष के खिलाफ भाजपा का एकसूत्री कार्यक्रम चल रहा है। स्थानीय सरकारों और विपक्षी ग्रुप के खिलाफ साजिश रची जा रही है। अविनाश पांडे के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी भी भाजपा के इसी मुहिम का हिस्सा है।