[Team insider] राजधानी रांची के जगरनाथपुर थाना क्षेत्र स्थित बरझोपड़ी के पास से पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अपराधियों के पास से हथियार भी बरामद हुए हैं। गिरफ्तार अपराधियों में राजू रंजन सिंह उर्फ हैप्पी सिंह, ओम प्रकाश लोहरा, मनीष राय उर्फ आकाश राय और उपेद्र महली का नाम शामिल है। तीन आरोपी रांची के रहने वाले है जबकि राजू रंजन सिंह मूल रुप से पंजाब के लूधियाना जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र के पीरबाबा का रहने वाला है। वर्तमान में सिंह मोड़ स्थित डॉन बास्को स्कूल के नजदीक रहता था।
पुलिस ने इनके पास से दो अवैध देसी कट़्टा, एक पिस्टल, चार गोली, एक खोखा, बाइक सहित अन्य समान बरामद किया है। पुलिस ने इस संबंध में शहर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पूर्व में हथियार के बल पर रंगदारी की मांग की थी
रांची के एसएसपी सुरेद्र कुमार झा ने बताया कि सूचना मिली थी कि जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित बरझोपड़ी में उपेन्द्र महली के घर के पास कुछ आपराधिक प्रवृति के लोग मौजूद हैं। जो किसी घटना को अंजाम देने के फिराक में है। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। ओमप्रकाश लोहरा द्वारा पूर्व में हथियार के बल पर रंगदारी की मांग की थी। वहीं राजू रंजन सिंह पूर्व में जेल जा चुका है। उसपर जगरनाथपुर थाना सहित अन्य थाना में मामला दर्ज है। वहीं ओमप्रकाश लोहरा पर जगरनाथपुर और धुर्वा थाना में तीन मामला दर्ज है। ओमप्रकाश लोहरा भी पूर्व में जेल जा चुका है।




















