भारत की न्यायपालिका में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए केंद्र सरकार ने जजों का तबादला किया है। इसमें दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस यशवंत वर्मा और जस्टिस सीडी सिंह का इलाहाबाद हाईकोर्ट में स्थानांतरण कर दिया है। इस आदेश के तहत जस्टिस वर्मा और जस्टिस सिंह को जल्द से जल्द इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपना कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही ओडिशा हाई कोर्ट के जस्टिस अरिंदम सिन्हा का तबादला भी इलाहाबाद हाई कोर्ट में कर दिया गया है।
न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा का नाम हाल ही में एक गंभीर विवाद में आया था, जब 14 मार्च को उनके दिल्ली स्थित आधिकारिक आवास पर आग लगने के बाद बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई थी। इस घटना के बाद, सर्वोच्च न्यायालय ने तीन सदस्यीय समिति का गठन किया था, जो इन आरोपों की जांच कर रही है।
दिल्ली उच्च न्यायालय ने इस घटनाक्रम के बाद न्यायमूर्ति वर्मा से सभी न्यायिक कार्य वापस ले लिए थे। इसके बावजूद, सर्वोच्च न्यायालय कॉलेजियम ने 24 मार्च को उनकी मूल अदालत, इलाहाबाद उच्च न्यायालय में वापसी की सिफारिश की। इस सिफारिश के बाद, न्यायमूर्ति वर्मा का इलाहाबाद उच्च न्यायालय में स्थानांतरण किया गया।


