बिहार सरकार का कला, संस्कृति एवं युवा विभाग कालिदास रंगालय के जीर्णोद्धार करेगा। यह घोषणा कला-संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री जितेंद्र कुमार राय ने सोमवार को कालिदास रंगालय में आयोजित रामलीला के उद्घाटन समारोह में की। इस दौरान मंत्री जितेंद्र कुमार राय ने कहा कि पिछले साल उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के सामने ही यह तय हुआ था कि कालिदास रंगालय के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया था। हमने इसके लिए 7.5 करोड़ रुपए का फंड निर्धारित किया है। यह फंड भवन निर्माण विभाग को दे दिया गया है। शीघ्र ही यह कार्य शुरू किया जाएगा।
इससे पहले मंत्री जितेंद्र कुमार राय ने कहा कि कला और कलाकारों को हरसंभव मदद के लिए हमारी सरकार कृतसंकल्पित हैं। हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव जी ने भी हमेशा कला और कलाकारों का सम्मान किया है। नौकरियां दी हैं और भी जो भी आवश्यक लगा है, किया गया है। उन्हीं के पदचिन्हों पर हम भी चल रहे हैं और कला के क्षेत्र में लगातार काम करते रहेंगे।




















