कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज बिहार में एक दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे बक्सर पहुंचे हैं, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया है। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी समझते हैं कि बिहार वालों को ज्ञान की कमी है।आप अपना ज्ञान गुजरात में दो, बिहार के लोग ज्ञान को समझते हैं। वसूलों पर चलते हैं। सारे ज्ञानी लोग बिहार की भूमि से आते हैं।

वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी-नीतीश की जोड़ी सिर्फ कुर्सी के लिए है। बिहार के विकास के लिए नहीं है। एक बार हमारी गोद में आते हैं, फिर लगा कि बीजेपी आने वाली है तो सीएम नीतीश कुमार इधर से उधर चले जाते हैं. ये देश के लिए सही नहीं है।
मल्लिकार्जुन खरगे ने आगे कहा कि मोदी जी हमें दुश्मन की तरह देखते हैं। इसलिए राहुल-सोनिया जी, वाड्रा पर केस किया। नेशनल हेराल्ड केस के जरिए कांग्रेस को खत्म करने की साजिश बीजेपी ने रची है। वो सोचते हैं कि नेशनल हेराल्ड केस में परेशान करेंगे तो वो चुप बैठेंगे और पार्टी का मनोबल टूटेगा। ये लोग ईडी और दूसरी जांच एजेंसी का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन, कांग्रेस रुकने और झुकने वाला नहीं है।
खरगे ने आगे कहा कि नेशनल हेराल्ड समेत तीन पेपर पंडित नेहरू ने भारतीयों की आवाज अंग्रेजों तक पहुंचाने के लिए निकाला था। उसके आज के चेयरमैन पर केस किया गया है। उस कंपनी की प्रॉपर्टी कोई बेच नहीं सकती है। क्या सोनिया, राहुल या प्रियंका गांधी उसे बेचेंगे. लेकिन, आप केस कर रहे हैं। उसका पैसा कोई हड़प नहीं सकता, लेकिन मोदी-शाह सोनिया गांधी को डराकर राहुल और प्रियंका जी को डराने की कोशिश कर रहे हैं। ये लोग किसी से डरने वाले नहीं हैं।
वक्फ कानून पर भी बोले खरगे
वक्फ कानून को लेकर भी बोलते हुए खड़गे ने कहा कि मोदी जी ने जबरन वक्फ कानून बनाया। जहां सालों से झगड़ा नहीं था, अब वहां झगड़ा करना चाहते हैं। RSS-BJP गरीबों, पिछड़ों, महिलाओं के लिए दोस्त हो नहीं सकते। मनु स्मृति में लिखा है कि महिलाओं को शिक्षित नहीं करना चाहिए। पवित्र काम में शामिल नहीं करना चाहिए, जबकि बाबा साहेब ने इन्हें सम्मान दिया।