भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति के संगम पर एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में छपरा से आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके सुपरस्टार खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) भले ही चुनावी जीत हासिल नहीं कर सके, लेकिन उनकी लोकप्रियता और चर्चा आज भी राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक छाई हुई है। इसी कड़ी में अब बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन को लेकर खेसारी लाल यादव का एक वीडियो सामने आया है, जिसने नया सियासी और सांस्कृतिक विवाद खड़ा कर दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो कोलकाता का बताया जा रहा है, जहां मंच से बोलते हुए खेसारी लाल यादव ने बिना नाम छुपाए रवि किशन के हालिया बयान पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। उनके शब्दों में नाराज़गी भी थी, दर्द भी और भोजपुरी समाज की उस संवेदनशीलता की झलक भी, जहां सम्मान और संस्कार को सबसे ऊपर रखा जाता है। खेसारी ने कहा कि रवि किशन जैसे बड़े कलाकार उनके लिए आज भी बड़े भाई हैं और वह आज भी उनसे मिलेंगे तो पैर छुएंगे, क्योंकि यही उनके संस्कार हैं। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने साफ शब्दों में यह भी कहा कि सम्मान की सीमा लांघकर किसी को ‘बाप’ बनने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
गणतंत्र दिवस के मंच से तेजस्वी यादव का NDA पर तीखा वार.. बोले- संविधान को कमजोर करने की हो रही कोशिश
खेसारी लाल यादव ने मंच से यह भी कहा कि उन्हें बदनाम करने और घेरने की रोज तैयारी होती है, महफिल किसी और की होती है लेकिन पूरी चर्चा उन्हीं के नाम पर होती है। यह बयान सिर्फ व्यक्तिगत पीड़ा नहीं दर्शाता, बल्कि भोजपुरी इंडस्ट्री के भीतर चल रही प्रतिस्पर्धा और राजनीति की ओर भी इशारा करता है। उन्होंने याद दिलाया कि वह गरीबी से निकलकर यहां तक पहुंचे हैं, नौकर रहे हैं और जमीन से जुड़े हुए कलाकार हैं। ऐसे में कोई उन्हें कितना भी नीचे गिराने की कोशिश करे, जनता ने जिसे बनाया है उसे कोई आम इंसान गिरा नहीं सकता।
खेसारी लाल यादव ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए यह भी कहा कि वह चुनाव भले हार गए हों, लेकिन लोगों के दिलों में जीत हासिल करना उनके लिए ज्यादा अहम था। उनके मुताबिक राजनीति सिर्फ सत्ता का खेल नहीं है, बल्कि लोगों से जुड़ने और उनके बीच रहने का माध्यम है। यही वजह है कि चुनावी हार को वह अपनी असफलता नहीं मानते।
इस पूरे विवाद की जड़ हाल ही में हुए गोरखपुर महोत्सव से जुड़ी है, जहां सांसद रवि किशन ने एक मंच से पवन सिंह के साथ शो के दौरान खेसारी लाल यादव को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उसी बयान को लेकर अब खेसारी का यह पलटवार सामने आया है, जिसे सोशल मीडिया पर लाखों लोग देख और शेयर कर रहे हैं। भोजपुरी सिनेमा के फैंस इसे आत्मसम्मान की लड़ाई बता रहे हैं तो राजनीतिक विश्लेषक इसे आने वाले समय में भोजपुरी सितारों की राजनीति पर असर डालने वाला घटनाक्रम मान रहे हैं।






















