लखीसराय के डीएम मिथलेश मिश्र ने एक कार्यक्रम की शुरूआत की है। बेटियों के सम्मान और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक अनूठी पहल “एक पेड़, बेटी के नाम” अभियान की शुरुआत की है। इसको लेकर उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, इससे लोगों को स्वास्थ लाभ भी मिलेगा। सामाजिक सहयोग और जनभागीदारी से इस कार्य को मूर्त रूप देने का सफल प्रयास करेंगे।
डीएम मिथलेश मिश्र ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य न केवल बेटियों के प्रति समाज में सम्मान बढ़ाना है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना भी है। इस पहल के तहत जिले में प्रत्येक बेटी के नाम पर एक पेड़ लगाया जाएगा, जिसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। यह कदम जहां बेटियों के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाएगा, वहीं पर्यावरण को संरक्षित करने में भी मदद करेगा।
डीएम ने बताया कि जब बेटियाँ स्नातक होकर बिहार सरकार द्वारा दिए गए 35% आरक्षण का लाभ उठाते हुए रोजगार प्राप्त करती हैं, तो न केवल उनके सम्मान में वृद्धि होती है, बल्कि उनके परिवार की समृद्धि भी बढ़ती है। जिलाधिकारी ने समाज से अपील की है कि वे इस पहल का समर्थन करें और बेटियों की शादी के समय 21 साल की उम्र को ध्यान में रखें।




















