एक ओर जहाँ नीतीश कुमार के PM उम्मीदवारी को लेकर चर्चाएं गर्म हैं। वहीं दूसरी ओर JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह लगातार कह रहे हैं कि नीतीश कुमार PM उमीदवार नहीं हैं। आज एक बार फिर से उन्होंने इस बात पर जोर दिया है। उन्होंने एक बार नहीं बल्कि कई बार अपनी बात को दोहराते हुए कहा कि ‘नीतीश कुमार PM उम्मीदवार नहीं हैं… नहीं हैं… नहीं हैं।’ इसके बाद उन्होंने प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी के एक बयान पर पलटवार किया। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि कुछ राजनीतिक दल भ्रष्टाचारियों को बचाने में लगे हैं ।
‘भ्रष्टाचार नहीं सिर्फ विरोधियों पर करवाई कर रहे PM’
ललन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जो बोल रहे उनको बोलने दीजिए। वो खुद भ्रष्टाचार के खिलाफ काम नहीं कर रहे। बल्कि सिर्फ अपने विरोधियों के खिलाफ कारवाई कर रहे हैं। जिस राज्य में भी उनके विरोधी हैं उनपर जांच एजेंसियों की छापेमारी करवा रहे हैं। ऐसा नहीं है कि जिसको प्रधानमंत्री भ्रष्टाचारी कहेंगे वो भ्रष्टाचारी हो जाएगा। और जो उनके यहाँ चला गया वो वाशिंग मशीन में धुल कर साफ़ हो जाएगा। BJP को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। ललन सिंह ने BJP पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदुरप्पा पर भ्रष्टाचार का आरोप था फिर भी BJP ने उन्हें मुख्यमंत्री क्यों बनाया? प्रधानमंत्री सिर्फ जुमलेबाजी करते हैं, जो अब कोई नहीं सुनने वाला है ।




















