बिहार के राजनीति की चर्चा लालू यादव का जिक्र किए बगैर पूरी नहीं हो सकती। 1948 में जन्मे लालू यादव जेपी आंदोलन के जरिए राजनीति में आए। लेकिन एक बार आए तो यहीं के होकर रह गए। सांसद, विधायक, नेता प्रतिपक्ष, मुख्यमंत्री, रेलमंत्री तक का सफर लालू ने तय किया है। तीन दशकों से बिहार की सत्ता या तो लालू के साथ रही है या फिर विपक्ष में। हालात जैसे भी हों लालू यादव की छवि का अलहदा अंदाज उन्हें मौजूं बनाए रखता है। आज 11 जून 2022 को लालू यादव का 75वां जन्मदिन है। उनके समर्थकों का जोश इस दिन को लेकर कुछ कुछ लालू जैसा ही है।
‘समर्थक मानते हैं मसीहा’
लालू के समर्थक मानते हैं कि गरीबों और वंचित वर्ग को सामाजिक न्याय दिलाने वाले लालू ही हैं। वे लालू को गरीबों का मसीहा मानते हैं। 90 के दशक से एक नयी राजनीति कि शुरुआत हुई, जिसमें हर वंचित वर्ग के लोगों को अपनी आवाज बुलंद करने का अवसर मिला। लालू प्रसाद के करिश्माई व्यक्तित्व के वजह से पक्ष और विपक्ष भी उनके सामने नतमस्तक होते रहे। उनके बोलने के अंदाज से देश और विदेशों में उनकी खुद की एक अलग पहचान बनीं। आज लालू जी के 75वें जन्मदिवस पर बिहार में कई जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे
बेटी के सुपर हीरो लालू
लालू प्रसाद की बेटी चंदा यादव ने ट्वीट कर लालू प्रसाद को अपना ‘सुपर हीरो’ कहा है। हेमा यादव ने लालू प्रसाद की तुलना अनंत नदी से की है। हेमा यादव ने लालू प्रसाद की पीकॉक ब्लू कलर की टीशर्ट पहने हुए फोटो भी पोस्ट की है। जन्म दिन पर लालू प्रसाद का एक पोस्टर खूब वायरल हो रहा है जिसमें लालू काफी खुश दिख रहे हैं। उनके चारों ओर चार सफेद कबूतर उड़ रहे हैं और एक हाथ में तराजू है। पोस्टर पर लिखा है- सामाजिक न्याय और सद्भावना दिवस। युवा राजद ने पोस्टर जारी कर लिखा है-‘ लालू प्रसाद सामाजिक न्याय और समानता की वह आवाज हैं जो जब तक इस दुनिया में इंसान है तब तक आवाज जन-चेतना बनकर गूंजती रहेगी।’
पोस्टरों के जरिए शुभकामनाएं
पोस्टरों में कार्यकर्ताओं ने लालू प्रसाद को अलग-अलग तरह से जन्म दिन की शुभकामनाएं दी हैं। इसी तरह के कई पोस्टर पटना में राबड़ी देवी के आवास के बाहर, राजद कार्यालय के समीप, आयकर चौराहा आदि स्थानों पर लगाए गए हैं। जानकारी है कि राबड़ी देवी के आवास में भी लालू प्रसाद का जन्म दिन मनाया जाएगा।
लालू पाठशाला

छात्र जनशक्ति परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राजद विधायक तेजप्रताप यादव ने अपने आवास में केक काटकर लालू प्रसाद का जन्म दिन मनाया। वे पटना की दलित बस्ती से लालू पाठशाला की शुरूआत भी करने की घोषणा कर चुके हैं।




















