झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड आंदोलन के प्रणेता शिबू सोरेन का आज यानी 4 अगस्त 2025 को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया, पीएम मोदी ने कहा कि उनके निधन से दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन जी एक जमीनी स्तर के नेता थे, जो लोगों के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़े। वह विशेष रूप से जनजातीय समुदायों, गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के बारे में भावुक थे। उनके निधन से दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन जी से बात की और संवेदना व्यक्त की। ॐ शांति.

इधर, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शिबू सोरेन को न केवल झारखंड का, बल्कि पूरे देश के दलित-आदिवासी समाज का एक बड़ा चेहरा बताया और उनके निधन को भारतीय राजनीति की बड़ी क्षति कहा। लालू यादव ने कहा कि शिबू सोरेन जी एक लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय रहे और उन्होंने समाज के वंचित तबके के अधिकारों के लिए हमेशा संघर्ष किया। उनका जाना सिर्फ झारखंड के लिए नहीं, बल्कि पूरे भारत के दलित और आदिवासी समाज के लिए बहुत दुखद समाचार है। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं।”
Shibu Soren का निधन: झारखंड के ‘दिशोम गुरु’ ने 81 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
उन्होंने यह भी कहा कि शिबू सोरेन से उनका पारिवारिक रिश्ता था और उनके निधन से उन्हें व्यक्तिगत तौर पर भी बहुत गहरा दुख पहुंचा है। उनसे मेरा पारिवारिक संबंध था, इस कारण यह खबर मेरे लिए और भी ज्यादा पीड़ादायक है। मैं हेमंत सोरेन से शीघ्र बात करूंगा और उन्हें हर संभव सांत्वना देने का प्रयास करूंगा। शिबू सोरेन के योगदान को याद करते हुए लालू यादव ने कहा कि उन्होंने आदिवासी समाज के उत्थान के लिए लंबा संघर्ष किया और झारखंड के गठन में उनकी अहम भूमिका रही। वह राजनीति के एक मजबूत और प्रभावशाली स्तंभ थे। उनका जाना राजनीति और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

वहीं झारखंड में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी शिबू सोरेन के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं झामुमो के संरक्षक श्री शिबू सोरेन जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उनका जाना झारखंड के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूँ।