बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महिला संवाद यात्रा पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सीएम पर तंज कसते हुए कहा कि “नीतीश कुमार नयन सेंकने जा रहे हैं।” लालू यादव ने मुख्यमंत्री के 2025 के विधानसभा चुनावों में 225 सीटें जीतने के दावे पर भी कटाक्ष किया और कहा कि “पहले अपनी आंख सेंक लें।”
महागठबंधन के प्रमुख नेता लालू यादव ने कहा कि बिहार में अगली सरकार महागठबंधन की बनेगी। उन्होंने नीतीश कुमार की यात्रा को केवल दिखावा करार दिया और कहा कि जनता अब उनकी बातों पर भरोसा नहीं करती।
नीतीश कुमार की महिला संवाद यात्रा का उद्देश्य महिलाओं के साथ सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं समझना और उन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ना बताया जा रहा है। लेकिन लालू यादव ने इसे सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने यात्रा को राजनीति से प्रेरित कदम बताया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में दावा किया था कि 2025 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी 225 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बनाएगी। इस पर लालू यादव ने कहा कि जनता अब जुमलेबाजी नहीं, काम देखती है। उन्होंने यह भी कहा कि महागठबंधन की ताकत के आगे एनडीए का दावा धराशायी होगा।