Land for Job Case: लैंड फॉर जॉब घोटाले में दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित सीबीआई की विशेष अदालत का फैसला सिर्फ कानूनी नहीं, बल्कि राजनीतिक तौर पर भी बेहद अहम माना जा रहा है। आरोप तय करते हुए अदालत ने जिन शब्दों का इस्तेमाल किया, उसने इस मामले को और गंभीर बना दिया है। विशेष जज विशाल गोगने ने अपने आदेश में कहा कि यह सिर्फ अलग-अलग लेनदेन का मामला नहीं है, बल्कि एक संगठित आपराधिक उपक्रम की तरह काम किया गया, जिसमें रेलवे जैसी संवैधानिक संस्था को निजी जागीर की तरह इस्तेमाल किया गया। अदालत की यह टिप्पणी सीधे तौर पर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर सवाल खड़े करती है।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि चार्जशीट में ऐसे पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं, जो यह संकेत देते हैं कि 2004 से 2009 के बीच, जब लालू यादव रेल मंत्री थे, तब रेलवे में ग्रुप डी की नौकरियों को कथित तौर पर सौदेबाजी का जरिया बनाया गया। आदेश के मुताबिक, सरकारी नौकरी दिलाने के बदले जमीनें ली गईं और उन्हें परिवार के सदस्यों व करीबियों के नाम ट्रांसफर कराया गया। अदालत ने कहा कि यह सब एक सोची-समझी साजिश के तहत हुआ, जिसका मकसद सार्वजनिक पद का इस्तेमाल कर निजी संपत्ति अर्जित करना था।
इस मामले में लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, मीसा भारती और हेमा यादव समेत कुल 46 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए गए हैं। अदालत ने यह भी साफ किया कि इस स्तर पर आरोपियों की बरी होने की दलीलें स्वीकार नहीं की जा सकतीं, क्योंकि प्रथम दृष्टया मामला बनता है। जज गोगने की टिप्पणी कि रेलवे को निजी जागीर की तरह चलाया गया, इस केस को एक नए कानूनी और नैरेटिव मोड़ पर ले जाती है।
हालांकि, अदालत ने यह भी माना कि सीबीआई द्वारा नामजद किए गए सभी लोग इस कथित साजिश का हिस्सा नहीं थे। इसी आधार पर 103 में से 52 आरोपियों को बरी कर दिया गया, जबकि पांच की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। यह फैसला बताता है कि कोर्ट ने चार्जशीट की गहराई से जांच की और केवल उन्हीं लोगों के खिलाफ मुकदमा चलाने का रास्ता खोला, जिनके खिलाफ ठोस आधार नजर आया।
लैंड फॉर जॉब केस की पृष्ठभूमि को देखें तो यह मामला वर्षों पुराना है, लेकिन इसका असर आज की राजनीति पर साफ दिख रहा है। सीबीआई ने इस घोटाले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत आरोप लगाए हैं। आरोपों के मुताबिक, नियमों की अनदेखी करते हुए नौकरियां दी गईं और बदले में जमीनें बेहद कम कीमत पर या गिफ्ट डीड के जरिए हासिल की गईं। जांच एजेंसी का दावा है कि इन जमीन सौदों से जुड़े दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और गवाहों के बयान एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।
अदालत की टिप्पणी इसलिए भी अहम है क्योंकि इसमें यह कहा गया है कि यह व्यक्तिगत गलती या प्रशासनिक चूक का मामला नहीं, बल्कि एक संगठित आपराधिक ढांचा था। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि ‘क्रिमिनल एंटरप्राइज’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल ट्रायल के दौरान अभियोजन पक्ष की दलीलों को मजबूती देगा। वहीं, बचाव पक्ष के लिए यह चुनौती होगी कि वह यह साबित करे कि ये सभी फैसले वैधानिक प्रक्रिया के तहत लिए गए थे।
इस केस का दूसरा पहलू प्रवर्तन निदेशालय से जुड़ा है, जहां मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से अलग जांच चल रही है। यानी लालू परिवार की कानूनी लड़ाई सिर्फ सीबीआई कोर्ट तक सीमित नहीं रहने वाली। आने वाले महीनों में जब ट्रायल आगे बढ़ेगा और गवाहों के बयान दर्ज होंगे, तब यह साफ होगा कि अदालत में कौन सा पक्ष अपनी बात ज्यादा मजबूती से रख पाता है।






















