सारण जिले (Saran Crime News) के मांझी थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। मटियार तिवारी टोला स्थित भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र यानी सीएसपी पर हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है। अपराधियों की बेखौफी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने न केवल पिस्तौल का इस्तेमाल किया बल्कि पुलिस जैसी जैकेट पहनकर भरोसा जीतने की कोशिश भी की।

पीड़ित सीएसपी संचालक अजीत कुमार सिंह के अनुसार, वह ताजपुर स्थित एसबीआई शाखा से करीब तीन लाख 56 हजार रुपये की निकासी कर अपने केंद्र पर पहुंचे थे। सुरक्षा के लिहाज से उन्होंने रकम को दो हिस्सों में अलग-अलग जगह रखा था, लेकिन यह सावधानी भी अपराधियों की साजिश के आगे नाकाफी साबित हुई। जैसे ही वह सीएसपी में दाखिल हुए, उनके पीछे-पीछे तीन युवक अंदर घुस आए। इनमें से एक ने पुलिस की वर्दी जैसी जैकेट पहन रखी थी, जिसे देखकर संचालक ने उसे पुलिसकर्मी समझ लिया और अभिवादन किया। इसी पल का फायदा उठाकर अपराधी ने पिस्तौल तान दी और एक जेब से करीब एक लाख 86 हजार रुपये निकाल लिए।
बिहार की जमीन रजिस्ट्री में कैश का खेल बेनकाब.. काले धन की आशंका पर इनकम टैक्स की बड़ी कार्रवाई
घटना को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी पिस्तौल लहराते हुए बाहर निकले और एक ही बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस लूट ने न केवल सीएसपी संचालकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी उजागर किया है कि अपराधी अब वेश बदलकर वारदात करने से भी नहीं हिचक रहे। सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अपराधियों की पहचान के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी तेज कर दी गई है।
रिपोर्ट- रॉकी सिंह बजरंगी






















