पटना मेट्रो का इंतजार अब खत्म होने वाला है! शहरवासियों के लिए मेट्रो का सपना हकीकत के बेहद करीब पहुंच गया है। मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन पर अंतिम फायर सेफ्टी जांच सफलतापूर्वक पूरी हो गई है।बिहार अग्निशमन सेवा के निदेशक रितेश कुमार पांडेय और उनकी टीम ने बुधवार को स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। अग्नि शमन यंत्रों, स्मोक डिटेक्शन सिस्टम, फायर प्रोटेक्शन व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्गों (egress routes) और इवैक्यूएशन प्लान समेत हर सुरक्षा मानक की बारीकी से जांच की गई। सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों पर पूरी तरह खरी उतरीं।
इस सफल जांच के बाद अब स्टेशन को जल्द ही फायर एनओसी (No Objection Certificate) मिलने की उम्मीद है। फायर एनओसी मिलते ही कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी (CMRS) की टीम अंतिम निरीक्षण करेगी, जो परिचालन के लिए अंतिम मुहर होगी।
यह उपलब्धि पटना मेट्रो के फेज-1 के विस्तार में बड़ी बाधा पार करने जैसी है। न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ होते हुए मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा जल्द शुरू होने वाली है, जिससे शहर के लाखों लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और यात्रा आसान व तेज होगी।पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (PMRCL) और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) की टीमों की मेहनत रंग ला रही है। कुछ ही दिनों या हफ्तों में पटना वासी मेट्रो की सवारी का मजा ले सकेंगे!






















