CHATRA: चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर दहेज लोभियों द्वारा विवाहिता की हत्या कर शव को फांसी के फंदे में लटकाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। मामला प्रकाश में आने के बाद थाना क्षेत्र के गजवा पंचायत अन्तर्गत टेटरवार गांव में सनसनी फैल गई है।
ससुराल वाले घर छोड़कर फरार
पुलिस ने गांव के पिंटू यादव की पत्नी रूबी देवी का शव संदिग्ध अवस्था मे घर में ही फांसी के फंदे पर झूलता बरामद किया है। जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही मृतिका के मायके वालों के शिकायत पर मृतिका की देवरानी को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं पति पिंटू यादव समेत अन्य ससुराल वालों के विरुद्ध दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक लव कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतिका के पति समेंत अन्य ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी को लेकर भी अभियान तेज कर दिया गया है।
क्या है मामला
परिजनों के अनुसार करीब पांच साल पहले रूबी की शादी पिंटू के साथ हुई थी। रूबी और पिंटू के दो छोटे बच्चे भी हैं। मृतिका के परिजनों के अनुसार शादी के कुछ साल बाद से ही पिंटू और उसके परिवार के लोग रूबी के साथ दहेज की मांग को लेकर बेरहमी से मारपीट भी करने लगे थे। जिसे लेकर पिंटू और उसके परिजनों को समझा-बुझाकर मारपीट की आदतों से बाज आने को लेकर समझाया-बुझाया भी गया था। बावजूद वे लोग लगातार रूबी के साथ मारपीट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। मृतिका के परिजनों ने शक जाहिर किया है कि पिंटू और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने ही रूबी की पीटकर पहले हत्या की और बाद में साक्ष्य छुपाने के नियत से उसके शव को फांसी के फंदे में लटका दिया।
पुलिस ने रूबी के परिजनों की शिकायत पर उसके पति पिंटू यादव समेत अन्य परिजनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। मृतिका के परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए पीड़िता व उसके दोनों महरूम बच्चों को इंसाफ दिलाने की मांग की है।




















