सारण जिले में बदमाशों ने एक पुलिस जवान को चाकू से गोद कर घायल कर दिया है। उसके शरीर के 11 जगहों पर चाकू घोंपा गया है। जिसके कारण उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। जख्मी पुलिस कर्मी मधुबनी जिले में पोस्टेड है।
शारीर में 11 जगहों पर घोंपा चाकू
यह घटना छपरा शहर के भगवान बाजार थाना अंतर्गत ब्रह्मपुर मोहल्ला की है। जहां पुलिस जवान अपने आवास से निकलकर कहीं जा रहे थे। तभी कुछ बदमाशों ने उनके ऊपर हमला कर दिया। जिसके बाद वह बुरी तरह जख्मी हो गए. जख्मी पुलिस जवान छपरा शहर के भगवान बाजार थाना अंतर्गत ब्राह्मपुर मोहल्ले का निवासी चंदेश्वर राय का 40 वर्षीय पुत्र अजीत कुमार राय बताया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आनन-फानन में गंभीर रूप से जख्मी पुलिसकर्मी को छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका उपचार चल रहा है। उपचार के क्रम में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉक्टर संतोष कुमार ने बताया कि जख्मी पुलिसकर्मी का सिटी स्कैन कराया जा रहा है। उसके शरीर के 11 जगहों पर चाकू घोंपा गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है। हालांकि इस दौरान प्रशासन कुछ भी करने से परहेज करता रहा। प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला भूमि विवाद का प्रतीत हो रहा है। क्योंकि जख्मी पुलिस जवान ब्रह्मपुर निवासी कुछ लोगों के साथ पूर्व से भूमि विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।