पूर्णिया जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलाबबाग जीरोमाइल में ओवरलोड ट्रक के ऑटो पर पलटने से उसमें सवार मां और बेटी की मौत हो गई। दो लोग घायल हैं। मृतका की पहचान सदर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी मो. मुजाहिद की 26 वर्षीय पत्नी शाहिस्ता परवीन और उसकी बेटी सायरा परवीन (6 वर्ष) के रूप में हुई। शाहिस्ता की बहन शगुफ्गुता परवीन (32 वर्ष) और अलीशा परवीन (3 वर्ष) घायल हैं। चारों ऑटो में सवार होकर डगरूआ के गोआरी गांव से सिकंदरपुर जा रहे थे। इस क्रम में ट्रक अनियंत्रित होकर ऑटो पर पलट गया।
एक घंटे तक जीरोमाइल जाम
भाई मो. सद्दाम ने बताया कि शाहिस्ता रविवार को डगरूआ के गोआरी गांव गई थी। सोमवार दोपहर बेटी और बहन, भतीजी को लेकर ऑटो से अपने घर सिकंदरपुर जा रही थी। जीरो माइल के पास पटुआ लदा ट्रक पलट गया, जिसमें ड्राइवर समेत एक परिवार के पांच लोग दब गए। मां-बेटी को जेसीबी की मदद से आनन-फानन में ट्रक के नीचे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया। घटना बाद जीरोमाइल पर एक घंटे तक जाम लगा रहा।
पति हैं परदेस में
शाहिस्ता के पति परदेस में हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन बेसुध हो गए। सदर थाने के एसआई धर्मेंद्र ने बताया कि पटुआ लदा ट्रक कसबा की तरफ से पूर्णिया के गुलाबबाग आ रहा था। सदर थाने की मुस्तैदी से तुरंत जाम हटाने के साथ रेस्क्यू अभियान चलाकर ट्रक के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया।




















