पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर आज (रविवार) को मोहर्रम के मौके पर एक भावुक और सांप्रदायिक सौहार्द से भरा दृश्य देखने को मिला। राबड़ी आवास पर मुहर्रम का ताजिया जुलूस पहुंचा। बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग ताजिया लेकर राबड़ी आवास पहुंचे। ताजिया पहुंचते ही राबड़ी देवी ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ उसकी पूजा की।

परिवार के अन्य सदस्यों ने भी ताजिये की पूजा की। राबड़ी देवी के साथ उनकी दोनों बेटियां रागिनी यादव और हेमा यादव भी इस आयोजन में सम्मिलित हुईं। दोनों ने ताजिया के समक्ष माथा टेका और अखाड़े के सदस्यों को प्रसाद वितरित किया।
आशूरा-ए-मुहर्रम पर PM मोदी और CM नीतीश ने हजरत इमाम हुसैन के बलिदान को किया याद

जुलूस के साथ ढोल ताशा भी बज रहा था। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव कुर्सी पर बैठकर इसका आनंद ले रहे थे। उनके साथ राबड़ी देवी और परिवार के अन्य सदस्य भी थे। इस दौरान लालू यादव को लाठी का करतब दिखाया गया जो मुहर्रम के जुलूस का खास खेल होता है। लालू यादव ने खूब शौक़ से लाठी का करतब देखा और तारीफ की।

ताजिया जुलूस और अखाड़ा देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग 10 सर्कुलर रोड के बाहर इकट्ठा हुए थे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे आयोजन शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। ताजिया की पूजा-अर्चना के बाद जुलूस आगे के गंतव्य की ओर रवाना हो गया।