बिहार समेत कई राज्यों में आज भारी बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश की संभावना है। बिहार के वैशाली, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, कटिहार, पूर्णिया में बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा बहेगी।
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
बिहार के अलावा झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इन राज्यों में ठंडी-ठंडी हवा चलेगी। बता दें केरल में अब तक मानसून ने दस्तक नहीं दी है। 27 मई को ही केरल तट पर मानसून को टकराना था। अब 30 मई तक यह संभव बताया जा रहा है। अभी प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं।
दिल्ली में पारा 41 के आसपास रहेगा
आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। लू चलेगी। यहां के तापमान में गिरावट के आसार नहीं हैं। पटना में इस समय अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस है। दिन चढ़ने के साथ तापमान में वृद्धि होगी। यह 35 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।