बिहार और झारखंड के यात्रियों के लिए एक खुशखबरी है। 6 नवंबर यानी की आज से धनबाद से जयनगर तक चलने वाली नई गरीब रथ एक्सप्रेस की शुरुआत होने जा रही है। यह ट्रेन राजगीर, नालंदा और बिहारशरीफ जैसे महत्वपूर्ण शहरों को सीधे रेल संपर्क से जोड़ेगी। ट्रेन राजधानी एक्सप्रेस की तरह 130 किलोमीटर प्रति घंटे की उच्च गति से चलेगी। सभी कोच पूरी तरह से वातानुकूलित होंगे। ट्रेन हफ्ते में चार दिन चलेगी – बुधवार और शनिवार को धनबाद से और गुरुवार और रविवार को जयनगर से चलेगी।
विशेष बात यह है कि यह नालंदा जिले की पहली गरीब रथ श्रेणी की ट्रेन होगी। गरीब रथ की खासियत है कि इसमें सभी कोच थर्ड एसी के होते हैं और किराया सामान्य थर्ड एसी से लगभग 40 प्रतिशत कम होता है। प्रति कोच में 78 से 81 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। ट्रेन धनबाद से शाम 6:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9:15 बजे जयनगर पहुंचेगी। गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग, राजगीर, बिहारशरीफ, बरौनी, समस्तीपुर और दरभंगा में स्टॉपेज होगा।
नई ट्रेन सेवा लोकसभा चुनाव के बाद क्षेत्र को मिली कई रेल सुविधाओं में से एक है। इससे पहले भी कई ट्रेनों का विस्तार किया गया है और नई सेवाएं शुरू की गई हैं। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, खासकर राजगीर और नालंदा जैसे ऐतिहासिक स्थलों को। यात्रियों की सुविधा के लिए बेड रोल की सेवा 25 रुपए में उपलब्ध होगी, जिसमें एक तकिया, एक कंबल और दो चादरें शामिल हैं। भोजन की सेवा अतिरिक्त शुल्क पर उपलब्ध होगी।




















