बिहार की राजनीति में एक बार फिर नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार (Nishant Kumar Politics) को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। रविवार को जब निशांत कुमार अपने पैतृक गांव पहुंचे, निजी कार्यक्रम में शामिल हुए और स्थानीय विकास कार्यों की जानकारी ली, तो यह महज पारिवारिक दौरा नहीं माना गया। गांव की गलियों से लेकर पटना के सियासी गलियारों तक इस यात्रा के गहरे राजनीतिक अर्थ निकाले जाने लगे। वर्षों से पर्दे के पीछे माने जाने वाले निशांत की यह सक्रियता ऐसे समय सामने आई है, जब जदयू के भीतर नेतृत्व और भविष्य को लेकर असमंजस की चर्चा लगातार जोर पकड़ रही है।
बिहार और देश की राजनीति में निशांत कुमार की एंट्री पर पहले भी कई बार बहस हो चुकी है। जदयू और बीजेपी के नेता सार्वजनिक तौर पर यही कहते रहे हैं कि इस पर अंतिम फैसला नीतीश कुमार और निशांत कुमार को ही लेना है और पार्टी को इससे कोई आपत्ति नहीं है। बावजूद इसके, समय-समय पर ऐसे संकेत मिलते रहे हैं, जिन्होंने राजनीतिक हलकों में अटकलों को हवा दी है। इस बार गांव जाकर विकास कार्यों का जायजा लेना और लोगों से संवाद करना, इन अटकलों को और मजबूत करता दिखा।
बिहार में मंत्रियों के बाद अफसरों को जिले का प्रभार.. बिहार सरकार का बड़ा प्रशासनिक फैसला
इस घटनाक्रम के बाद विपक्षी दलों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ गई हैं। कांग्रेस ने इसे जदयू के भीतर चल रही खींचतान से जोड़ते हुए निशांत कुमार को खुली सलाह दे दी है। कांग्रेस प्रवक्ता असीतनाथ तिवारी का कहना है कि निशांत कुमार गलत लोगों के बीच फंसे हुए हैं और जदयू में असल लड़ाई पार्टी पर कब्जे की है। उनके मुताबिक, एक धड़ा निशांत को आगे लाना चाहता है, जबकि दूसरा खुद सत्ता और संगठन पर नियंत्रण चाहता है। कांग्रेस का मानना है कि निशांत कुमार जैसे शांत स्वभाव और साफ छवि वाले व्यक्ति को सत्तालोलुप राजनीति से बाहर निकलकर कांग्रेस से अपनी राजनीतिक पारी शुरू करनी चाहिए।
वहीं राष्ट्रीय जनता दल ने इस पूरे मसले को सत्ता समीकरण और नौकरशाही के दबाव से जोड़कर देखा है। राजद प्रवक्ता एज्या यादव का कहना है कि जदयू और बीजेपी के बीच सुपरमेसी की लड़ाई चल रही है और जदयू के अंदर गुटों की खींचतान अपने चरम पर है। उनका आरोप है कि कुछ नेता और आईएएस लॉबी नीतीश कुमार को रिप्लेस करने की दिशा में सोच रही है, क्योंकि निशांत कुमार उनके लिए ज्यादा कंफर्टेबल विकल्प हो सकते हैं। राजद का दावा है कि आने वाले समय में बिहार की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल सकता है।






















