बिहार के सीएम नीतीश कुमार इनदिनों अपनी उपलब्धियों का खूब जिक्र कर रहे हैं। वो जिस भी मंच पर जा रहे अपने अधिकारीयों को नसीहत देते है कि उनके कामों के बारे में सबको बताएं। लेकिन इसी दौरान वो लालू-राबड़ी के राज पर निशाना भी साध जाते हैं। आज जदयू के कार्यक्रम भीम संसद के दौरान वो अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनवा रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपने शासन काल की तुलना 2005 के पहले से की हैं।
इशारों में लालू-राबड़ी राज पर निशाना
पटना के वेटनरी कॉलेज मैदान में आयोजित भीम संसद को सीएम नीतीश कुमार ने संबोधित करते हुए इशारों में लालू-राबड़ी राज पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2005 में मेरी सरकार बनी। उसके पहले शाम में कोई घर से बाहर निकलता था क्या? हम जब आए तो सबकुछ ठीक किया। अब देखिए कि देर शाम तक और रात में भी लोग बेफिक्र होकर घुमते हैं। उन्हें कोई डर भय नहीं है। कितना अच्छा माहौल बन गया है। अब रात में महिलाएं और लड़कियां भी घर से बाहर निकलती हैं। इसी का नतीजा है कि आज के भीम संसद में कितनी बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी है।
पहले भी नीतीश दें चुके हैं ऐसा बयान
बता दें कि कुछ दिन पहले भी एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भी नीतीश कुमार ने लालू-राबड़ी राज पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि अब तक जितना भी काम हुआ है वो सब मेरा है। सब मैंने किया है। 2005 से जब से आए हैं, तब से काम कर रहे हैं। सारा आइडिया मेरा है, पहले कुछ नहीं हुआ था।




















