जदयू के तरफ आज यानि संविधान दिवस के दिन राजधानी पटना में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन हुआ। पटना के वेटनरी कॉलेज मैदान में आयोजित हुए इस कार्यक्रम का नाम भीम संसद दिया गया। जिसमें दलित और महादलित समाज के लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। जहाँ मंच से संबोधित करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिलना चाहिए। इसके लिए अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से हाथ उठाकर इसका समर्थन करने के लिए भी कहा।
भीड़ देखकर गदगद CM नीतीश
दरअसल भीम संसद के आयोजन का पूरा कार्यभार जदयू नेता और मंत्री अशोक चौधरी ने संभाला था। जब नीतीश कुमार मंच पर संबोधित करने के लिए खड़े हुए तो वो लोगों की भीड़ देखकर गदगद हो गए। जिसके बाद उन्होंने मंत्री अशोक चौधरी से कहा इतनी भीड़ इस ग्राउंड में पहले नहीं देखी। नीतीश कुमार ने कहा कि 2 लाख से कम लोग यहां जमा नहीं हुए हैं। कार्यक्रम को गांधी मैदान में कर देना चाहिए था। उन्होंने कार्यक्रम के लिए अशोक चौधरी को धन्यवाद भी कहा। वहां मौजूद लोगों से नीतीश कुमार ने कहा कि मैं आपकी सेवा करता हूं, आपकी इतनी संख्या देखकर मैं और सेवा करूंगा।
BJP के कार्यकम को बताया बोगस
सीएम नीतीश कुमार ने शनिवार को बापू सभागार में बीजेपी द्वारा आयोजित कार्यक्रम पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो लोग दिल्ली में राज कर रहे हैं। हर चीज को प्रचारित करते हैं, वो इस भीड़ को देख लीजिए। कल उनका (भाजपा) तो बोगस कार्यक्रम ना हुआ। देख लीजिए हम लोगों की पार्टी के कार्यक्रम में कितना फर्क है।
विशेष दर्जा के लिए चलेगा अभियान
सीएम नीतीश कुमार ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को भी उठाया। उन्होंने कहा कि विशेष राज्य का दर्जा के लिए पूरा अभियान चलेगा। इसके लिए हम आपलोगों के साथ का आग्रह करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से हाथ उठाकर इसका समर्थन करने के लिए भी कहा। उसके बाद कहा कि सभी लोगों ने समर्थन कर दिया है ,अब अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से भी आग्रह किया कि वो अंदरूनी तौर पर इसका समर्थन करें




















