बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar Bhagalpur Visit) पहली बार शनिवार को भागलपुर पहुंचे, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई। हालांकि उनका यह दौरा पूरी तरह व्यक्तिगत प्रकृति का था, लेकिन प्रशासनिक हलकों में इसे उच्च स्तरीय वीवीआईपी मूवमेंट मानते हुए पूरे शहर को सुरक्षा की दृष्टि से सतर्क कर दिया गया। मुख्यमंत्री अपने करीबी मित्र उदय कांत मिश्रा के भीखनपुर स्थित आवास पर पहुंचकर उनकी माता के श्राद्ध कर्म में शामिल हुए और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

मुख्यमंत्री का आगमन विशेष विमान से भागलपुर एयरपोर्ट पर हुआ, जहां सुरक्षा व्यवस्था का नेतृत्व स्वयं प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार, जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने संभाला। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री के उतरने से पहले ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखाई दिए। शहर के प्रमुख मार्गों—एयरपोर्ट रोड, बरारी मोड़, तिलकामांझी होते हुए भीखनपुर तक सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। कई जगहों पर यातायात को डायवर्ट किया गया ताकि मुख्यमंत्री के काफिले को निर्बाध रास्ता मिल सके।
बिहार बोर्ड परीक्षा 2026 का टाइम टेबल जारी.. जानिए कब होगी 10वीं और 12वीं की परीक्षा
भीखनपुर में उदय कांत मिश्रा के घर पहुंचते ही इलाका पूरी तरह संवेदनशील जोन में बदल गया। सुरक्षा व्यवस्था इस कदर सख्त रही कि आसपास के क्षेत्रों में आमजन की आवाजाही सीमित कर दी गई। मुख्यमंत्री करीब दस मिनट तक घर में रहे और परिवार के सदस्यों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनके दुःख में सहभागिता जताई।






















