हिजाब विवाद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar Hijab) के खिलाफ बेंगलुरु, लखनऊ, झारखंड की राजधानी रांची में शिकायत दर्ज कराई गई है। रांची के इटकी थाने में सामाजिक कार्यकर्ता मो. मुर्तजा आलम ने लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि यह मामला अब निजी नहीं रहा, बल्कि सार्वजनिक बहस का विषय बन चुका है। धार्मिक पोशाक के साथ सार्वजनिक मंच पर किया गया ऐसा व्यवहार आपत्तिजनक है। इससे महिला की गरिमा को ठेस पहुंची है।
वहीं, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कैसरबाग थाने में समाजवादी पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता और मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी सुमैया राणा ने भी मुख्यमंत्री नीतीश के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने इस मामले में यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद को भी कटघरे में खड़ा किया है। सुमैया राणा का कहना है कि सार्वजनिक मंच पर किसी महिला का हिजाब खींचना बेहद शर्मनाक है और इससे मुख्यमंत्री की सोच उजागर होती है। वहीं, संजय निषाद के बयान को लेकर भी उन्होंने आपत्ति जताई और उसे असंवेदनशील बताया।
जम्मू कश्मीर का विपक्षी दल पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) ने तय किया है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ FIR दर्ज कराई जाएगी। पटना में हुए हिजाब विवाद से नाराज होकर पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती श्रीनगर पुलिस के पास पहुंची हैं। बताया जा रहा है कि श्रीनग के कोठी बाग पुलिस थाने में PDP द्वारा नीतीश कुमार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई जा रही है।
जीतन राम मांझी ने खोल दी सरकार की पोल.. वोट चोरी कर जितवाए कैंडिडेट को !
दरअसल, सोमवार (15 दिसंबर) को CM नीतीश कुमार आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र बांट रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक महिला डॉक्टर नुसरत को पहले तो नियुक्ति पत्र दे दिया। इसके बाद उसे देखने लगे। महिला भी मुख्यमंत्री को देखकर मुस्कुराई। CM ने हिजाब की ओर इशारा करते हुए पूछा कि ये क्या है जी। महिला ने जवाब दिया, हिजाब है सर। CM ने कहा कि हटाइए इसे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने खुद अपने हाथ से महिला का हिजाब हटा दिया। इस दौरान डिप्टी CM सम्राट चौधरी नीतीश कुमार को रोकने के प्रयास में उनकी आस्तीन खींचते हुए नजर आए।
हिजाब हटाने से महिला थोड़ी देर के लिए असहज हो गई। आसपास मौजूद लोग हंसने लगे। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने महिला को नियुक्ति पत्र फिर थमाया और जाने का इशारा किया। महिला फिर वहां से चली गई।






















