पटना शहर में ट्रैफिक (Patna Traffic Relief) जाम की गंभीर समस्या से निपटने और आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मीठापुर–महुली–पुनपुन पथ तथा मीठापुर फ्लाईओवर से चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर को जोड़ने वाले प्रस्तावित पहुँच एवं सर्विस पथ का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से परियोजना की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की और निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं समय-सीमा पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा का कड़ाई से पालन किया जाए और कार्य में तेजी लाई जाए।
नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान.. बिहार में 1 करोड़ रोजगार का लक्ष्य
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी व परियोजना से जुड़े तकनीकी विशेषज्ञ भी मौजूद थे। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मीठापुर फ्लाईओवर, सिपारा गुमटी और बाईपास के निकट चल रहे निर्माण कार्यों को देखा और समीक्षा बैठक कर तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए।

बता दें कि मीठापुर–महुली–पुनपुन पथ का कुल विस्तृत लंबाई 11.90 किलोमीटर है, जिसमें 5.20 किलोमीटर एलिवेटेड चार लेन पथ और 6.70 किलोमीटर एट-ग्रेड पथ का निर्माण शामिल है। भूपतिपुर से महुली तक एलिवेटेड पथ को पूरा कर दिया गया है और यह जनता के लिए चालू कर दिया गया है। इसी प्रकार महुली से पुनपुन तक एट-ग्रेड खंड भी पूर्ण हो चुका है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा 16 जून 2025 को किया गया था।
वर्तमान में फेज-2 के तहत सिपारा गुमटी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) तथा सिपारा से मीठापुर के बीच 2.1 किलोमीटर एलिवेटेड खंड का निर्माण जारी है, जिसे अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना के पूरा हो जाने के बाद पटना में ट्रैफिक जाम की परेशानी में बड़ा सुधार आएगा और पुनपुन से पटना-गया नेशनल हाईवे तक यात्रा अत्यंत आसान और तेज हो जाएगी।

निरीक्षण के पश्चात मुख्यमंत्री ने मीठापुर फ्लाईओवर से चिरैयाटांड़ फ्लाईओवर को जोड़ने वाले निर्माणाधीन पहुँच एवं सर्विस पथ का भी निरीक्षण किया। यह पथ करबिगहिया स्टेशन के पास ट्रैफिक जाम की समस्या को खत्म करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 15.50 मीटर चौड़े और 1.73 किलोमीटर लंबे इस कनेक्टिविटी मार्ग को जून 2026 तक पूरा करने की योजना है। यह नया फ्लाईओवर आर-ब्लॉक गोलंबर, जीपीओ गोलंबर, मीठापुर गोलंबर, करबिगहिया स्टेशन होते हुए कंकड़बाग क्षेत्र को सीधे जोड़ेगा तथा एनएच-31 न्यू बाईपास से भी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

परियोजना पूरी होने से न केवल शहर में आवागमन तेज होगा, बल्कि राजधानी पटना की आधुनिक सड़क संरचना और शहरी मोबिलिटी को भी नया आयाम मिलेगा। प्रतीक्षा है कि यह मेगाप्रोजेक्ट पटना की जाम समस्या से राहत दिलाने में ऐतिहासिक सिद्ध हो। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, पथ निर्माण विभाग के सचिव डॉ० संदीप कुमार आर० पुदकलकट्टी, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री शीर्षत कपिल अशोक, जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम० सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।






















