बिहार की राजनीति और विकास के एजेंडे में एक बार फिर सक्रियता तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘समृद्धि यात्रा’ (Nitish Kumar Samriddhi Yatra) की शुरुआत करते हुए साफ संकेत दे दिया है कि सरकार अब फाइलों से निकलकर सीधे जमीन पर योजनाओं की हकीकत परखेगी। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पटना एयरपोर्ट पहुंचे, जहां प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद वे विशेष विमान से पश्चिम चंपारण के बेतिया के लिए रवाना हो गए।
पटना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और बिहार के डीजीपी विनय कुमार की मौजूदगी इस बात की गवाही देती दिखी कि समृद्धि यात्रा केवल औपचारिक दौरा नहीं, बल्कि प्रशासनिक रूप से बेहद अहम पहल है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों का एयरपोर्ट पहुंचना लगातार जारी रहा, जिससे यह संदेश गया कि सरकार इस यात्रा को पूरी गंभीरता से ले रही है।
बिहार में जमीन विवाद पर लगेगा ब्रेक, 7 से 11 दिन में होगी भूमि मापी.. विजय सिन्हा का बड़ा ऐलान
बेतिया पहुंचकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की प्रगति पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके साथ ही वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए सरकार एक ओर विकास कार्यों को गति देने का प्रयास करेगी, वहीं दूसरी ओर जनता को यह भरोसा दिलाने की कोशिश होगी कि योजनाएं सिर्फ घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं।






















