केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय शनिवार को पटना पहुंचे। दिल्ली से पटना पहुंचे नित्यानंद राय ने एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव व तमाम विपक्षी पार्टियों पर जबरदस्त पलटवार किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार क्या बोलेंगे, किस समय बोलेंगे और उसका क्या मतलब होगा वह खुद नहीं समझते हैं। नीतीश जी की जुबान अपनी जुबान तो है नहीं, वह तो अब दूसरे के जुबान से बोलते हैं। दूसरों के आंखों से देखते हैं और दूसरे के दिमाग से सोचते हैं।
कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा
कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरते हुए नत्यानंद राय ने कहा कि बिहार की जनता समझ चुकी है कि नीतीश कुमार एकदम निराशा में चले गए हैं। उनको बिहार के विकास से मतलब नहीं है। लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह समाप्त हो चुका है। रोज हत्या, अपहरण, दुष्कर्म और डकैती हो रही है। इसपर नीतीश कुमार का ध्यान नहीं है। बिहार का विकास बाधित है। बिहार में जो भी विकास हो रहा है केंद्र सरकार के पैसे से हो रहा है। अगर केंद्र पैसा नहीं दे तो बिहार का विकास नहीं होगा। उन्होंने कहा कि बिहार में अराजकता, भ्रष्टाचार, जंगलराज के खिलाफ जनता बदलाव चाहती है। 2024 और 2025 में जनता इन्हें जवाब देगी।
पूरा का पूरा महागठबंधन साफ हो जाएगा
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने आने वाले लोकसभा चुनाव में को लेकर कहा कि महागठबंधन की पूरी सफाई हो जाएगी। 40 में 40 सीट एनडीए गठबंधन जीतेगी। 2024 के चुनाव में और भारी बहुमत से एनडीए जीतकर तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएगी। नित्यानंद ने कहा कि चिराग पासवान को नीतीश कुमार ने धोखा दिया है। इसी वजह से चिराग पासवान अलग गठबंधन से लड़े थे। नीतीश कुमार ने अपनी अहंकार और घमंड की वजह से चिराग पासवान को एनडीए से हटाया था। एक दो लोगों के भड़काने पर नीतीश कुमार ने चिराग पासवान को धक्का देकर भगाया।