राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए आज यानी शनिवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत कई वरिष्ठ नेता राजद कार्यालय पहुंच गये हैं। JDU से 5 महीने पहले RJD में शामिल हुए मंगनी लाल मंडल प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए करेंगे नामांकन।

19 जून को पटना के ज्ञान भवन में राज्य परिषद की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का होगा चुनाव, उसी दिन आएगा परिणाम। माना जा रहा है कि मंगनी लाल मंडल के नाम पर अंतिम मुहर लग गई है। वह निर्विरोध चुने जायेंगे।

मंगनी लाल मंडल का चयन सिर्फ एक नामांकन नहीं, बल्कि RJD की सामाजिक समीकरण साधने की सोची-समझी रणनीति मानी जा रही है। वह धानुक जाति से आते हैं, जो अति पिछड़ा वर्ग में आती है। इस वर्ग की पकड़ उत्तर बिहार के मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर जिलों में खास मानी जाती है। यह क्षेत्र 2020 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के लिए कमजोर साबित हुआ था, जहां 41 में से सिर्फ 13 सीटें ही जीत पाई थीं।
Bihar Politics में तेजस्वी को बड़ा झटका: पप्पू यादव बोले – कांग्रेस के मालिक ‘हम’ हैं!
मंगनी लाल मंडल पूर्व सांसद और विधायक रह चुके हैं। उनकी लोकप्रियता खासकर झंझारपुर, फुलपरास और आसपास के क्षेत्रों में है। इसी क्षेत्र में इस साल RJD ने कर्पूरी ठाकुर की जयंती मनाकर EBC समुदाय को साधने का प्रयास किया था। माना जा रहा है कि मंगनी लाल के जरिए RJD इन इलाकों में अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने की कोशिश करेगी।