बॉलीवुड की चकाचौंध ऐसी है कि इसमें कब, क्या हो जाए, कहना मुश्किल है। आइटम डांसर और अभिनेत्री नोरा फतेही को ही देख लीजिए। उन्होंने ऐसे व्यक्ति से यूं ही BMW गिफ्ट ले ली, जिसे वो ठीक से जानती तक नहीं। आईफोन भी लिया। लेकिन उस व्यक्ति से सीधा मतलब नहीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नोरा ने यही बयान दिया है ED को। गिफ्ट देने वाले से अनजान रिश्ता नोरा को इतना भारी पड़ रहा है, कि उनके व्यस्त बॉलीवुड शेड्यूल में से एक हिस्सा अब ED और दूसरी जांच एजेंसियों के दफ्तर में बीत रहा है।
सुकेश चंद्र शेखर मामले में पूछताछ
ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग केस में नोरा से दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को पहली बार पूछताछ की। छह घंटे तक दिल्ली पुलिस नोरा से सुकेश से रिश्तों की परतें उधेड़ने की कोशिश करती रही। कब मिली, कैसे मिली, क्या लिया, क्या दिया, इन्हीं सवालों के बीच नोरा का पूरा दिन गुजरा। हालांकि यह अनुभव नोरा के लिए नया नहीं होगा क्योंकि इसी केस में ED उनसे 3 बार पूछताछ कर चुकी है।
‘फंक्शन में मिली थी नोरा’
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दिल्ली पुलिस को नोरा ने बताया कि वो सुकेश की पत्नी से नेल आर्ट फंक्शन में मिली थी। यहीं उन्हें एक BMW कार गिफ्ट मिली थी। हालांकि नोरा ने यह भी बताया कि वे सुकेश और उसके पत्नी की क्रिमिनल हिस्ट्री के बारे में नहीं जानती थी। साथ ही जैकलीन से किसी कनेक्शन से भी इनकार किया है। छह घंटे तक पूछताछ के बाद भी नोरा को पूरी छुट्टी नहीं मिली है क्योंकि दिल्ली पुलिस ने जैकलीन को 12 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है।




















