कुख्यास अपराधी बिंदु सिंह के बेटे को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर ली है. बिंदु सिंह का बेटा रौशन ने कंकड़बाग में राजेंद्रनगर ओवरब्रिज के पास क्लिनिक चलाने वाले हड्डी के चर्चित डॉक्टर व पद्मश्री अवार्ड से सम्मानित डॉ आरएन सिंह से रंगदारी की मांग कर रहा था. रौशन का घर भी डॉ आरएन सिंह के क्लिनिक वाली गली के कॉर्नर पर स्थित है. डॉ आरएन सिंह विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं. 22 जनवरी काे अयाेध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में यजमान के रूप में शामिल हुए थे. उन्होंने घटना के संबंध में कंकड़बाग थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी है. सिटी एसपी पूर्वी भारत सोनी ने मामला दर्ज किये जाने की पुष्टि की और बताया कि आरोपित को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है.
मदद कीजिए, नहीं तो पुराना दिन याद करा देंगे
जानकारी के अनुसार आरोपित ने मंगलवार की रात डॉ आरएन सिंह के निजी सहायक को फोन कर डॉ आरएन सिंह से बात की और कहा कि मैं रौशन बोल रहा हूं. बिंदु सिंह का बेटा हूं. डॉक्टर साहब मदद किजिए, नहीं तो पुराना दिन याद दिला देंगे. इसके बाद बुधवार की सुबह वह डॉ आरएन सिंह से मिलने के लिए उनके क्लिनिक भी पहुंच गया और उन्हें खोजने लगा. वहां के स्टाफ डर गये और कंकड़बाग थाना पुलिस को इसकी जानकारी दे दी. लेकिन तब तक रौशन वहां से निकल गया. डाॅ आरएन सिंह ने बताया कि उसने मुझसे कहा कि वह बिंदु सिंह का बेटा रौशन है. उसने रंगदारी मांगी और बुधवार को मेरे हॉस्पिटल में भी पहुंच गया. उसने मंगलवार को मेरे एक स्टाफ के मोबाइल फोन पर कॉल करके बात की थी और फिर बुधवार की सुबह दो बार कॉल किया था. डॉ आरएन सिंह ने बताया कि उसके रिकॉर्डेड ऑडियो कॉल भी है. उसने रंगदारी मांगी, लेकिन रकम का जिक्र नहीं किया.
रौशन कई केसों में रहा है आरोपित
वर्ष 2021 में कंकड़बाग के मॉर्डन हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ शैलेंद्र कुमार के अस्पताल में फायरिंग के मामले में रौशन सहित तीन को पुलिस ने गिरफ्तार किया था. इसने रंगदारी नहीं मिलने पर घटना को अंजाम दिया था. साथ ही मोबाइल दुकानदार से रंगदारी मांगने में भी पकड़ा गया था. कई अन्य केसों में भी रौशन की संलिप्तता सामने आयी है. इसके पिता बिंदु सिंह भी रंगदारी के कई केसों के अभियुक्त रहे थे. उसकी मृत्यु हो चुकी है.




















