बिहार के थानों में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लोगों को अब परेशानी का सामना नहीं करना होगा। क्योंकि अब शिकायत ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पहले चरण में राज्य के 900 से अधिक थानों में यह प्रक्रिया शुरू की गई है। इस बात की जानकारी पुलिस मुख्यालय के एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने दी है। एडीजी ने बताया कि राज्य के 1033 थानों में से 964 थानों को क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम (सीसीटीएनएस) से जोड़ दिया गया है। इस नेटवर्क से जुड़ने पर पुलिस थाना, कोर्ट, अभियोजन, जेल और फारेंसिक जैसे सभी हितधारक एक नेटवर्क से जुड़ गए हैं। इनके बीच आंकड़ों और सूचनाओं का आदान-प्रदान आसान हो गया है।
एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने आगे कहा कि पहले थानों में आवेदन लेकर आने पर पहले रजिस्टर के निर्धारित कालम में उसे भरा जाता था। इसके बाद डाटा इंट्री के जरिए प्राथमिकी की कापी सीसीटीएनएस पर अपलोड की जाती थी इसमें समय लगता था। मगर अब निर्णय लिया गया है कि जो भी प्राथमिकी होगी वह सीधे सीसीटीएनएस के डिजिटल फार्म पर आनलाइन प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। ऑनलाइन प्राथमिकी दर्ज होते ही एक क्लिक में इसकी कापी कोर्ट समेत अन्य जगहों पर देखी जा सकेगी। इसके अलावा इसकी हार्ड कापी भी प्रिंट कर निकाली जाएगी जो संबंधित को दे दी जाएगी। इसके तहत गुमशुदा व्यक्ति की भी तस्वीर अपलोड कर उसकी तलाश की जाएगी।




















