बाढ़ स्थित एनटीपीसी (NTPC Barh Accident) परिसर में सोमवार की देर रात एक ऐसी घटना घटी जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एमजीआर लाइन के पास मालगाड़ी को साइड कराने के दौरान एक पॉइंटमैन मालगाड़ी के पहिये की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था। आनन-फानन में उसे एनटीपीसी प्लांट के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए पटना रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार घायल व्यक्ति रेलवे से सेवानिवृत्त हो चुका था और इसके बाद एनटीपीसी में पॉइंटमैन के रूप में कार्यरत था। सोमवार की रात वह नियमित प्रक्रिया के तहत मालगाड़ी को साइड लाइन पर लगवा रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने या तकनीकी चूक के कारण ट्रेन का पहिया उस पर चढ़ गया। हादसे के बाद एनटीपीसी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
सहरसा में 31 दिसंबर को लगेगा ‘भूमि न्याय का दरबार’.. विजय सिन्हा खुद सुनेंगे जमीन से जुड़ी हर शिकायत
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। एनटीपीसी अस्पताल से पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही घायल पॉइंटमैन ने दम तोड़ दिया। देर रात एनटीपीसी थानाध्यक्ष कुमार प्रजापति ने पुष्टि करते हुए बताया कि इलाज के लिए ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई है। वहीं एनटीपीसी के पीआरओ विकास धर द्विवेदी ने भी यह स्वीकार किया कि प्लांट परिसर में एक दुर्घटना हुई है, जिसकी सूचना प्रशासन को दे दी गई है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में गहरा आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोग एनटीपीसी और रेल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे इस बात से सदमे में हैं कि रोज़गार के लिए की जा रही ड्यूटी जानलेवा साबित हो गई।




















