राजधानी पटना में साइबर अपराधियों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। साइबर थाना पुलिस ने सोमवार की रात करीब 10 बजे दानापुर इलाके के विभिन्न स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर साइबर ठगी से जुड़े एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया। इस ऑपरेशन में कुल पांच कार्यालयों (किराए के मकानों में चल रहे साइबर ठगी के सेटअप) पर रेड डाली गई।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 13 युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया है। ये सभी लोग ठगी के काम में शामिल थे, जहां वे लोगों को लोन, नौकरी या अन्य आकर्षक ऑफर का लालच देकर ऑनलाइन ठगी करते थे। हिरासत में लिए गए अधिकांश युवतियां विभिन्न इलाकों से आई हुई थीं और इन्हें साइबर ठगी के लिए तैनात किया गया था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दर्जनभर लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था। छापेमारी मुख्य रूप से दानापुर के रूपसपुर, रुकनपुरा वेदनगर, गोला रोड, राम जयपाल नगर और सगुना मोड़ जैसे क्षेत्रों में हुई।एक स्थान पर दानापुर निवासी धर्मेंद्र कुमार द्वारा किराए पर लिया गया फ्लैट ठगी का मुख्य केंद्र था, जहां छह युवतियां तैनात थीं। पुलिस की जांच में पता चला है कि ये गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और विभिन्न राज्यों से जुड़े सदस्य इसमें शामिल थे।पटना पुलिस ने इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा बताया है। आगे की जांच में गिरोह के अन्य सदस्यों, ठगी की रकम और पीड़ितों की पहचान की जा रही है।






















